Sunday, November 19, 2023

तलब

 चाहत थी जिसमे कभी डूब जाने की

   है तलब उस किनारे से दूर जाने की।


   जिस चेहरे से हटती नही थी निगाहें

    कोशिश है उस चेहरे को भूल जाने की।


    जिन रांहो पे चलने की रही बेताबी

     कोशिश है उन राहों से बच के जाने की।


     वजह थी जो कभी मुस्कुराने की 

      बन गई वजह खुद को रुलाने की।


       यादें जो वजह थी खुश हो जाने की 

       जारी है कोशिश उन्हें मिटाने की।।

Friday, November 10, 2023

चलते जाना

 माना नामुमकिन है वक्त को रोक पाना

बहते समय की धार को कहीं मोड़ पाना।


करें उदास जब जिंदगी की राहें

कुछ देर ठहरना, बचपन में खो जाना, वो रूठना,वो मानना

वो झगड़कर भी साथ खाना।


वो सखियों की मनुहार, वो टीचर की डांट। भूलकर सब अगले ही पल

फिर से नई शरारत कर जाना।


वो दशहरे का त्योहार

और खुशियां हजार

होली के रंगों से रंगना

नए कपड़े पहन शाम को निकलना 

चंद रुपयों में जहां की

खुशियां समेटना।


ना भविष्य की चिंता 

ना भूत का पछतावा

खुश रहना बस आज में

एक-एक सीढ़िया चढ़ते जाना।


वो मां का दुलार

पापा की फटकार

वो पुरानी गलियां, वो पुराना मकान

हैं बस यादें मगर, यादों में ही ठहर जाना।


चलेगा वक्त मगर,

वो बचपन फिर ना आयेगा,

वो खुशियां न दे पाएगा, 

फिर भी चलते जाना,

फिर भी चलते जाना ़़़़़़़।

- *मंजरी*

Friday, October 27, 2023

कुछ नया

 


 चलो जिंदगी ये नया करते हैं।

बेवफा को यादों से रिहा करते हैं।


जो खुश हैं हमारे बिना  उनको,

अपनी यादों से जुदा करते हैं।


गैरों से कर ली मोहब्बत बहुत,

अब खुद से प्यार, याखुदा करते हैं।


वो अपने, जो ताउम्र सपने  रहे,

नींद में ही, उन्हें क्यों छुआ करते हैं।


वो अपनी खता से बाखबर मंजरी,

फिर भी  बारहा खता करते हैं।

 *-मंजरी*

Friday, September 29, 2023

नफरत

 कहते हैं नफरत के एक पल में, प्यार के कई साल भूल जाते हैं।


बनकर अश्क  प्यार के हर वो पल आंखो से आज भी निकल जाते हैं।।



भरी धूप हो या बारिश का मौसम,

मिलने का  इंतजार  हरदम

उसका एक बार बुलाना,

सब छोड़ कर मेरा चले जाना।

रास्ते की मीनार, वो चौराहे का मकान, दाएं मुड़ कर बस रुक जाना।।




याद है अब भी खुद को ना रोक पाना,

तेज सांसों के साथ जीने पर चढ़ते जाना।

खुलते दरवाजे के साथ उस से लिपट जाना।।


छेड़ कर मुझे फिर उसका प्यार दिखाना,

उसकी बस इसी अदा पर मेरा दिल हार जाना।

खोकर उसमें खुद को पा जाना।

याद है सब ऐसे जख्म ताजा हों जैसे।


कैसी है ये नफरत जिसमें 

दूर होकर भी है इंतजार।

याद है उसकी बेवफाई भी मगर,

दिल को तड़पाता है  सिर्फ उसका प्यार।।

Friday, September 8, 2023

डायरी के पन्ने


न हो मुलाकात तो डायरी के पन्ने बुलाते हैं।

मैं लिखती नहीं, बीते लम्हे मुझसे लिखवाते हैं।


सुबह की मुस्कान, कभी शाम की थकान दोनों,

अक्सर अक्षर बनकर  कागज पे उतर आते हैं।


देख इसका  रूप कलम मचल जाती है।

मेरे शब्द सारी खुशी, सब गम बयां कर जाते हैं।


कभी मिलन की ओस  बदन की सिहरन बढ़ाती है

कभी विरह के आंसू मेरे दामन को  भिंगाते हैं।।


बचपन गुनगुनाता है कभी अल्हड़पन जवान होता है। 

कभी मन का भेद,  दुनियां की हकीकत बताते हैं।।


डायरी के पन्ने और कलम में मेरी दुनिया समाती है।

मैं लिखती नहीं, बीते लम्हे मुझसे लिखवाते हैं।।



Sunday, August 20, 2023

तुम वैसे नही हो

 डरता था दिल बार बार

पर दिल को था ये ऐतबार

की तुम ऐसे नही हो।


थमा था जब तुमने हाथ

दिल ने कहा था

हाथ पकड़कर छुड़ा लोगे

तुम ऐसे नही हो।


ना कोई वादा था ना कसमें हजार

बस दिल को था ये अहसास

छोड़ दोगे बीच सफर में 

तुम ऐसे नही हो।।


टूट गया भरम, खत्म हुआ अहसास

दिल से आई बस एक आवाज

माना खुदा जिसे की इबादत

दिन रात

तुम वैसे तो नही हो।।

Wednesday, August 9, 2023

तकलीफ

 पास आकर इतनी दूर चले जाना

छीन कर  नींद मेरी चैन से सो जाना

 तेरे इश्क में घायल दिल को तकलीफ बड़ा देता है।।

न मिलने के दूंढे बहाने

समझे   सब मगर यूं खामोश हो जाना

 तेरे इश्क में घायल दिल को तकलीफ बड़ा देता है।


जताते ना प्यार अगर तो अच्छा था

दिखाकर प्यार यूं तड़पाना तेरे इश्क में घायल दिल को तकलीफ बड़ा देता है।।


अजनबी थे  तुम जब तो अच्छा  था


पहचान बढ़ाकर यह रुख अनजाना

तेरे इश्क में घायल दिल को तकलीफ बड़ा देता है।।

काश

  ​नन्ही आँखों में थी सपनों की ऊँची उड़ान - प्यारी थी  ज़िंदगी - लबों पर मुस्कान ​थी हर कदम पर मुश्किले पर दिल को था एहसास, बदलेगी  दु...